Share this link via
Or copy link
Jan Suraaj President: चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की नवगठित जन सुराज पार्टी के पहले कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती बनाए गए हैं। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में रहे मनोज आईआईटी कानपुर और दिल्ली से पासआउट हैं। मनोज दलित समुदाय से आते हैं और बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं। जन सुराज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष को चुनने के लिए प्रशांत किशोर ने 100 नामों की सूची मंगवाई थी। इनमें से मनोज का नाम चुना गया। मनोज अगले साल मार्च तक इस पद पर बने रहेंगे।
मनोज के चयन की घोषणा करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि हमने कहा था कि दलित समुदाय से कोई व्यक्ति ही अध्यक्ष बनेगा। जिसकी जितनी संख्या होगी, उसे उसकी संख्या के अनुसार भागीदारी दी जाएगी। हमारी सोच है कि हर समाज में एक योग्य व्यक्ति होता है। पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव अगले साल मार्च तक हो जाएगा।
भारतीय विदेश सेवा में लंबे समय तक काम करने वाले मनोज भारती आईआईटी दिल्ली से पासआउट हैं। वह अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। विदेश सेवा के दौरान वे चार देशों में भारत के राजदूत रह चुके हैं। वे यूक्रेन और बेलारूस जैसे देशों के राजदूत भी रह चुके हैं। उन्होंने जमुई के सरकारी स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है।
शुरुआती पढ़ाई करने के बाद वे नवोदय विद्यालय में पढ़ने चले गए। यहीं से मनोज का चयन आईआईटी कानपुर के लिए हुआ। उन्होंने यहीं से इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए वे आईआईटी दिल्ली आ गए फिर उनका चयन सिविल सेवा में हुआ और वे भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के लिए चुने गए।