Share this link via
Or copy link
Russia-Ukraine War: अमेरिका के व्हाइट हाउस ने एक बड़ी घोषणा की है। रूस और यूक्रेन ने सऊदी अरब में हुई वार्ता में सहमति जताई है कि वे काला सागर में जहाजों पर कोई भी सैन्य हमला नहीं करेंगे। व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा कि दोनों देश इस बात पर राजी हुए हैं कि वे सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करेंगे, बल प्रयोग को समाप्त करेंगे और काला सागर में व्यापारिक जहाजों का सैन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल नहीं करेंगे।
ट्रंप का बयान – हो गई है डील
यह समझौता अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एक वीडियो मीटिंग के बाद हुआ। इस बैठक में दोनों नेताओं ने यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने पर चर्चा की थी। इससे पहले सऊदी अरब में रूस और अमेरिका के बीच कई दौर की बातचीत हुई थी, जिसके बाद ट्रंप और पुतिन ने भी वर्चुअल मीटिंग की।
मंगलवार को अमेरिका ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के साथ एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत काला सागर में युद्धविराम लागू किया जाएगा और यूक्रेन के ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर किए जा रहे हमले भी रोके जाएंगे। व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिका अब रूस की मदद करेगा ताकि वह वैश्विक कृषि और उर्वरक बाजारों में फिर से स्थापित हो सके। साथ ही, भविष्य में स्थायी शांति वार्ता करने पर भी चर्चा की जाएगी।
अमेरिका और रूस के बीच हुई बातचीत
अमेरिका और रूस के बीच 23 से 25 मार्च तक सऊदी अरब के रियाद में बैठकें हुईं। इन बैठकों में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। इनमें प्रमुख रूप से काला सागर में सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करना, बल प्रयोग समाप्त करना और व्यावसायिक जहाजों का सैन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल रोकना शामिल है।
इसके अलावा, अमेरिका रूस के कृषि और उर्वरक निर्यात को आसान बनाने में भी सहायता करेगा। इसमें समुद्री बीमा की लागत को कम करना, बंदरगाहों तक पहुंच आसान बनाना और भुगतान प्रणाली को सुगम बनाना शामिल है।