वक्फ संशोधन बिल के विरोध में JDU के प्रदेश महासचिव ने दिया इस्तीफा, पार्टी से भी नाता तोड़ा | इजरायल ने गाजा के दो स्कूलों पर बरसाए बम, 33 लोगों की मौत | अमेरिकी डॉलर की बड़ी गिरावट, यूरो-येन के मुकाबले छह महीने के निचले स्तर पर | वक्फ संशोधन बिल राज्यसभा में भी पास, पक्ष में पड़े 128 वोट

दिल्ली

News by Neha   20 Feb, 2025 21:21 PM

Delhi New Cabinet: दिल्ली में सरकार गठन और कैबिनेट की शपथ के बाद अब विभागों का भी बंटवारा हो गया है। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को उनके विभाग अलॉट कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद अपने पास 5 विभाग रखे हैं। इसके अलावा प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाकर तीन अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  

किसको मिला कौनसा विभाग 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त विभाग और विजिलेंस समेत कुल पांच विभाग रखे हैं। वह गृह, सर्तकता और योजना विभाग की भी जिम्मेदारी संभालेंगी। उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा को शिक्षा, परिवहन और पीडब्ल्यूडी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट पर परास्त करने वाले प्रवेश वर्मा को सरकार में उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। जिस तरह अरविंद केजरीवाल ने अपने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी थी उसी तरह रेखा गुप्ता ने भी प्रवेश वर्मा को यह अहम विभाग संभालने को कहा है। इसके अलावा दिल्ली की खराब सड़कों को सुधारने का महत्वपूर्ण काम भी उनके पास ही होगा।

सिख चेहरे मनजिंदर सिंह सिरसा को स्वास्थ्य, शहरी विकास और उद्योग मंत्री बनाया गया है। करावल नगर से जीतकर मंत्री बने कपिल मिश्रा को जल, पर्यटन, आर्ट एंड कल्चर विभाग सौंपा गया है। बवाना से विधायक और दलित चेहरे के रूप में शामिल गए गए रवींद्र कुमार इंद्रराज के पास समाज कल्याण, एससी/एसटी मामले, श्रम विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

आशीष सूद को राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभागों को संभालना है। पंकज कुमार सिंह को कानून, विधायी मामले और आवास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यहां देखिए मंत्रियों और विभागों की पूरी लिस्ट

1. रेखा गुप्ता (मुख्यमंत्री) – गृह, वित्त, सेवा, सतर्कता, योजना

2. प्रवेश वर्मा (उपमुख्यमंत्री)– शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, परिवहन

3. मनजिंदर सिंह सिरसा– स्वास्थ्य, शहरी विकास, उद्योग

4. रवींद्र कुमार इंद्राज– समाज कल्याण, एससी/एसटी मामले, श्रम

5. कपिल मिश्रा– जल, पर्यटन, संस्कृति

6. आशीष सूद – राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति

7. पंकज कुमार सिंह– कानून, विधायी मामले, आवास।

116 views      0 Likes      0 Dislikes      0 Comments