Share this link via
Or copy link
Delhi Exit Poll: दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान खत्म हो चुका है। इस बार 57.85% लोगों ने वोट डाला है। सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 63.83% और सबसे कम दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 53.77% रहा। वहीं मतदान खत्म होते ही चुनाव के एग्जिट पोल भी सामने आने लगे हैं। पोल्स में काफी चौंकाने वाले आंकड़े दिख रहे हैं। एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही हैं। वहीं आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस का तो खाता ही मुश्किल से खुलता दिख रहा है।
मैट्रिक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 32-37 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 35-40 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने का अनुमान है।
जेवीसी के एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 22 से 31 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को 39-45 सीटें और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। यानी भाजपा को अपने दम पर बहुमत मिल सकता है।
चाणक्य के एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा को 39 से 44 सीटें मिल सकती हैं। यानी भाजपा को अपने दम पर बहुमत मिल सकता है। आप को 25-28 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान है।
पी-मार्क पोलिंग एजेंसी के आंकड़ों की मानें तो भाजपा आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर सकती है। पार्टी को यहां 39-49 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, आप को 21 से 31 सीटें मिलने का अनुमान है। इसमें कांग्रेस को 0-1 सीट मिल सकती है।
वी-प्रेसिड पहला एग्जिट पोल है जिसमें आम आदमी पार्टी की सरकार बचती हुई दिखाई दे रही है। वी प्रेसिड ने आप को 46-52 सीटें दी हैं। वहीं, बीजेपी को 18-23 सीटें जीतते हुए दिखाया गया है। इस एग्जिट पोल में भी कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा माइंड ब्रिक ने आप को 44-49 सीटों के अनुमान के साथ सरकार बचाते हुए दिखाया है। बीजेपी को 21-25 सीटें और कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
डीवी रिसर्च ने बीजेपी के 36-44 सीटें जीतकर सत्ता में आने की संभावना जताई है। इस एग्जिट पोल में आप को 26-34 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। वहीं, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने का अनुमान है।
एसएस एग्जिट पोल में बीजेपी को 38-41 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसमें आप को 27-30 सीटें और कांग्रेस को 1-3 सीटें मिलती दिखाई गई हैं।