अंतर्राष्ट्रीय: संघर्ष विराम पर हमास के साथ बातचीत जारी रखने के लिए इजरायली टीम दोहा पहुंची | अंतरराष्ट्रीय: यूक्रेन 30 दिन के युद्ध विराम पर सहमत, अब रूस की सहमति का इंतजार | दिल्ली की अदालत: शरजील इमाम ने 2019 के सीएए विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़काने में अहम भूमिका निभाई थी | बजट से ज्यादा जरूरी महाकुंभ में मरने वाले लोगों के आंकड़े: अखिलेश यादव

चुनाव

News by Neha   30 Jan, 2025 23:16 PM

Delhi Assembly Election 2025 : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की चुनावी वादों की बौछार रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब आम आदमी पार्टी ने सरकारी अफसरों, सांसदों और मंत्रियों के यहां काम करने वाले स्टाफ के लिए 7 गारंटी देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी, तो इन कर्मचारियों के लिए सर्वेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल बनाया जाएगा, जहां वे आसानी से नई नौकरी तलाश सकेंगे। इसके अलावा, उनके रहने और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।

स्टाफ के लिए हॉस्टल और नई नौकरी का इंतजाम

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकारी अफसरों, सांसदों और मंत्रियों के ट्रांसफर के बाद स्टाफ सड़क पर आ जाता है, क्योंकि नए अधिकारी या मंत्री उन्हें अपनी टीम में रखना जरूरी नहीं समझते। इस समस्या के समाधान के लिए स्टाफ हॉस्टल बनाए जाएंगे, जहां वे नौकरी मिलने तक अस्थायी रूप से रह सकेंगे। ये हैं वो सात गारंटियां।

काम के घंटे और सैलरी पर बनेगा कानून

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अधिकतर सरकारी स्टाफ को उनकी मेहनत की सही सैलरी नहीं मिलती। इस स्थिति को सुधारने के लिए काम के घंटे और वेतन से जुड़े नियम बनाए जाएंगे, जिससे वे सुरक्षित नौकरी और नियमित वेतन पा सकें।

स्टाफ को मिलेगा 10 लाख का लाइफ इंश्योरेंस

AAP नेता ने घोषणा की कि इन कर्मचारियों को भी ऑटो चालकों की तरह 10 लाख का लाइफ इंश्योरेंस और 5 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस मिलेगा। बेटियों की शादी के लिए 1 लाख रुपये की मदद और बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप देने की भी योजना है।

सस्ते घर और स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलेंगी

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार के पास ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) के लिए बने सस्ते मकान हैं, जिन्हें आसान किस्तों पर स्टाफ को दिया जाएगा। इसके अलावा, मोबाइल मोहल्ला क्लीनिक लगाए जाएंगे, जिससे सरकारी स्टाफ और उनके परिवारों को फ्री स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

"सर्वेंट क्वार्टर का गलत इस्तेमाल अपराध"

उन्होंने यह भी बताया कि कई सांसदों और अफसरों ने सर्वेंट क्वार्टर को किराए पर चढ़ा रखा है, जो एक अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

AAP सांसद संसद में उठाएंगे मुद्दा

इस मौके पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि संसद के आगामी सत्र में पार्टी के सभी सांसद इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑल पार्टी मीटिंग में इस मामले को पहले भी उठाया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्टाफ के लिए बनाएंगे सरकारी पर्सनल स्टाफ कार्ड

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकारी स्टाफ को सभी सुविधाएं दिलाने के लिए "सरकारी पर्सनल स्टाफ कार्ड" बनाया जाएगा, जैसे श्रमिक कार्ड होता है। इस कार्ड के जरिए वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

AAP ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए और इन कर्मचारियों के लिए पक्का रोजगार और सुविधाएं सुनिश्चित करनी चाहिए। पार्टी ने इसे जरूरतमंद कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

 

66 views      2 Likes      0 Dislikes      0 Comments