Republic Day 2025: देशभर में आज गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगुवाई में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी दिल्ली को अभेद किले में तब्दील कर दिया गया है। 10ः30 बजे से कर्त्वय पथ पर परेड शुरू हो जाएगी।
आपको बता दें कि इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो मुख्य अतिथि हैं। गणतंत्र दिवस परेड में देश की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जाएगा। दरअसल, भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी मिली थी, लेकिन भारत को 26 जनवरी 1950 को एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित किया गया था। ठीक 75 साल पहले इसी दिन भारत का संविधान लागू हुआ था।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा, "गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारे संविधान का निर्माण कर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।" उन्होंने कहा, "यह राष्ट्रीय पर्व हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में हमारे प्रयासों को और बल देगा, यही कामना है।"
सीएम योगी ने भी दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और सभी से संविधान में निहित कर्तव्यों के पालन का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री योगी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "76वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।" उन्होंने कहा, "यह गौरवशाली पर्व हमारे महान संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के अमर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।" योगी ने आह्वान किया, "आइए हम सब संविधान में निहित कर्तव्यों के पालन का संकल्प लें।" जय हिंद!"
175 views 0 Likes 0 Dislikes 0 Comments