Share this link via
Or copy link
Nagpur Violence: महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र पर हुए बवाल के बाद सोमवार शाम नागपुर के महल इलाके में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस पर पथराव किया गया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पथराव में डीसीपी समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने हिंसाग्रस्त इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मामले में पुलिस ने 40 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। जानिए नागपुर में हुई हिंसा के बड़े अपडेट।
1. चिटनिस पार्क में हिंसा की शुरुआत: सोमवार शाम करीब 7:30 बजे नागपुर के चिटनिस पार्क इलाके में हिंसा भड़क गई। पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें डीसीपी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। डीसीपी निकेतन पर कुल्हाड़ी से हमला हुआ।
2. अफवाह और विवाद की वजह: पीटीआई के मुताबिक, अफवाह फैली कि औरंगजेब की कब्र को हटाने के विरोध में मुस्लिम समुदाय की धार्मिक पुस्तक जला दी गई। हालांकि, बजरंग दल ने इसका खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने केवल औरंगजेब का पुतला जलाया था।
3. हंसपुरी में दूसरी झड़प : रात 10:30 से 11:30 के बीच ओल्ड भंडारा रोड के पास हंसपुरी में हिंसा भड़क उठी। उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग लगा दी और घरों व एक क्लीनिक में तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया।
4. पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी : हिंसा को रोकने के लिए नागपुर ग्रामीण पुलिस को बुलाया गया। साइबर पुलिस सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने में जुटी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 40 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।
5. मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया: सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को निंदनीय बताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।
6. नितिन गडकरी की शांति की अपील: नागपुर से सांसद नितिन गडकरी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागपुर हमेशा से सौहार्दपूर्ण शहर रहा है और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
7. एकनाथ शिंदे का बयान : डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने हिंसा के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया और औरंगजेब समर्थकों को राष्ट्र का दुश्मन बताया।
8. कांग्रेस का आरोप: महाराष्ट्र कांग्रेस चीफ हर्षवर्धन सपकाल ने इस हिंसा को गृह विभाग की विफलता बताया। उन्होंने बीजेपी पर ध्यान भटकाने के लिए भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया।
9. पुलिस का सख्त रवैया: नागपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. रविंदर सिंघल ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं। घटना के बाद FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
10. कर्फ्यू और धारा 144 लागू : शहर के कोतवाली, गणेशपेठ, लकड़गंज, शांतिनगर सहित कई इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें।