Share this link via
Or copy link
Manipur CM Resigned: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि मणिपुर के लोगों की सेवा करना उनके लिए गर्व की बात रही है। उन्होंने अपने पत्र में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि राज्य के विकास कार्यों और परियोजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में उन्हें पूरा समर्थन मिला।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने बिरेन
राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने नई सरकार के गठन तक बीरेन सिंह को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा अगले एक या दो दिन में की जा सकती है।
इसलिए दिया इस्तीफा
बीरेन सिंह के इस्तीफे के पीछे राज्य में 21 महीनों से जारी जातीय संघर्ष को लेकर उनकी आलोचना को एक बड़ा कारण माना जा रहा है। पिछले हफ्ते विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत को दिल्ली बुलाए जाने के बाद से ही राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई थीं। इसके बाद ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री युमनाम खेमचंद भी दिल्ली पहुंचे थे, जिससे इन अटकलों को और बल मिला।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। दिल्ली से इंफाल लौटने के तुरंत बाद बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मणिपुर का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।